शाही माजरा की पीटीएल पॉइंट पर मोहाली नगर निगम की ओर से बनाए गए डंपिंग ग्राउंड का रविवार को फेज-4 व 5 के स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। इस दौरान भड़के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ कड़ी नारेबाजी की और इस डंपिंग ग्राउंड को तुरंत हटाने की मांग रखी। मौके पर पहुंचे मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने खाना पूर्ति करते हुए लोगों को आश्वासन दिया कि वह 30 अगस्त तक इस डंपिंग ग्राउंड को यहां से हटा देंगे, लेकिन लोगों ने कहा कि उनके करोड़ों रुपये की कोठियों के साथ डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है। इस कारण उनके घरों में 24 घंटे बदबू आती है यहां तक कि उनका कहना था कि मेहमानों ने भी उनके घर आने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके घरों के पास बने डंपिंग ग्राउंड से बीमारी फैलने का खतरा है। केवल आश्वासन देखकर जीती सिद्धू मौके से खिसक गए लेकिन लोगों ने अपना विरोध जारी रखा। लोगों ने मौके पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया है और डंपिंग ग्राउंड के मुख्य गेट व पिछले गेट दोनों तरफ ताला लगा दिया है। उनका कहना है कि यहां से ना तो कूड़े की कोई गाड़ी अंदर जाने दी जाएगी और ना ही बाहर जाने दी जाएगी। जब तक यह डंपिंग ग्राउंड मौके से नहीं हटाया जाता उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।