लुधियाना के जगरांव में बिछाई गई गैस पाइपलाइन से जुड़े संभावित खतरों और हाल ही में हुई गैस लीकेज की घटना के बाद लोगों की सुरक्षा का मामला अब पंजाब विधानसभा तक पहुंच गया है। विधायक सरबजीत कौर मानुके ने विधानसभा के चल रहे सत्र के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए सरकार से तत्काल जांच और सख्त कदम उठाने की मांग की। विधायक ने कहा कि यदि किसी स्थान पर गैस पाइपलाइन में बड़ी लीकेज होती है तो उसका प्रभाव दूर-दूर तक पड़ सकता है, जिससे लोगों की जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस कारण जगराओं और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में चिंता और डर का माहौल बना हुआ है। विधानसभा में उन्होंने सवाल किया कि गैस पाइपलाइन में किसी भी स्थान पर लीकेज होने की स्थिति में उससे निपटने के लिए क्या सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं और इसके लिए किस विभाग की जिम्मेदारी तय की गई है। उन्होंने मांग रखी कि जगराओं शहर में बिछाई गई गैस पाइपलाइन की तुरंत उच्च स्तरीय तकनीकी जांच करवाई जाए और जहां कहीं भी लीकेज की संभावना है, वहां तुरंत मरम्मत कर सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत किया जाए। इसके साथ ही संबंधित कंपनी को सख्त निर्देश जारी किए जाएं ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। दो दिन पहले हुई घटना से बढ़ी चिंता दरअसल, दो दिन पहले जगराओं के कच्चा मलक रोड पर गैस पाइपलाइन से जुड़ा एक हादसा सामने आया था, जिसने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। गैस पाइपलाइन कंपनी द्वारा सड़क किनारे खोदा गया एक गहरा गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा था, जिसमें एक आवारा सांड गिर गया। स्थानीय लोगों ने सांड को बचाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली। बचाव कार्य के दौरान खुदाई करते समय जमीन के नीचे बिछी Think Gas Distribution Private Limited की मुख्य गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस लीक होने लगी। गैस रिसाव होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के रिहायशी क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई। काफी देर तक गैस लीक होती रही, जिससे आसपास मौजूद लोगों को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति गंभीर होते देख तुरंत पुलिस और कंपनी के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया। बाद में कंपनी के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद पाइपलाइन की मरम्मत कर गैस लीकेज पर काबू पाया।