जैन समुदाय की महान साध्वी एवं स्वामी रूप चंद जैन साधना स्थल, जगराओं की सेविका श्रमण संघ आराधिका, प्रवचन प्रभाविका जैन महासाध्वी श्री सुनीता जी महाराज के निधन से जैन समाज सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अंतिम दर्शन के लिए पंजाब के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जगराओं पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से अपनी प्रिय साध्वी को अंतिम विदाई दी। सुनीता जी महाराज का बीती रात निधन हो गया था। उनके निधन की खबर फैलते ही जैन समाज में शोक छा गया। सोमवार को उनके अंतिम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु घंटों कतारों में खड़े होकर उनके अंतिम दर्शन करते रहे और श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए उनके पार्थिव शरीर को पुष्पों से सजी पालकी में विराजमान कर अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई शेरपुरा रोड स्थित श्मशान घाट पहुंची, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग पर धार्मिक जयकारों के बीच माहौल भावुक बना रहा।