दिल्ली नेशनल हाईवे पर एक महिला को ऑटो सवार तीन बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया पर महिला साहस दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गईं। करीब आधा किलोमीटर तक महिला ऑटो से लटककर चिल्लाती रही। आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों ने इसको देखा तो किसी तरह से ऑटो रोका और महिला को बचाया। इस बीच एक लुटेरा फरार हो गया। दो लुटेरों को भीड़ ने काबू किया और पुलिस को सौंप दिया। ऑटो के पीछे चल रहे चालक ने इसका वीडियो बना लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेव नगर निवासी मोहित उर्फ मन्नू और डिंपल मक्कड़ के रूप में की गई है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब उनके फरार साथी बंदा बहादुर कालोनी स्थित न्यू सुभाष नगर निवासी शुभम की तलाश में जुटी है। पुलिस ने काबू किए गए आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए है।