जालंधर विधानसभा पश्चिम के मॉडल हाउस इलाके में शराब का ठेका दोबारा खुलने पर स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध जताते हुए भारी हंगामा किया। जानकारी के अनुसार 31 मार्च को ठेके का लाइसेंस समाप्त हो गया था और लोगों को उम्मीद थी कि अब यह ठेका बंद हो जाएगा। लेकिन नया लाइसेंस जारी होने के बाद ठेका फिर से खुल गया, जिससे इलाके में रोष फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ठेके का पहले भी कई बार विरोध किया जा चुका है। उनका आरोप है कि ठेके के कारण इलाके का माहौल खराब होता है और आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। एएसआई दिलदार सिंह ने बताया कि मामला एक्साइज विभाग से जुड़ा है और संबंधित अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अपने स्तर पर ठेका बंद नहीं करवा सकती।