जालंधर कैंट स्थित केंद्रीय विद्यालय-3 (केवी-3) के बाहर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5वीं कक्षा की छात्रा पायल की मौत हो गई। छात्रा अपनी सहेलियों के साथ स्कूल की छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक आर्मी ट्रक ने यू-टर्न लेते समय उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का पहिया छात्रा के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय स्कूल परिसर के बाहर बच्चों की आवाजाही थी और केवी-4 की स्कूल बस बच्चों को लेने पहुंची हुई थी। इसी बीच ट्रक के मुड़ते समय पायल उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक छात्रा दम तोड़ चुकी थी। मृतका की पहचान सोढल निवासी पायल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के पिता अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना कैंट पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।