जालंधर पुलिस ने बढ़ती लूट व स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि एडीसीपी-1 के मार्गदर्शन में थाना 8 के प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल चौधरी की टीम ने दो आरोपियों गिरफ्तार किया है। एसीपी अनिल मीना ने कहा कि एसआई जगदीश लाल अपनी टीम के साथ गश्त पर मौजूद थे। मुखबिर खास से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर बुलंदपुर से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर आ रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी है। सूचना पर बुलंदपुर रोड पर नाकाबंदी की गई, जहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हरदीप सिंह उर्फ तूफान निवासी गांव टिकर ताल पंचकूला (हरियाणा) हाल निवासी हरदयाल नगरजालंधर और संदीप कुमार उर्फ विशाल, निवासी साधा मोहल्ला शाहकोट, जालंधर बताया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 19 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल (बिना नंबर), एक देसी पिस्तौल और एक दातर (तेजधार हथियार)बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों से 15 और लूटे गए मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी, स्नैचिंग, एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य खुलासों की भी संभावना जताई जा रही है।