चौगिटी फ्लाईओवर के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कथित तौर पर सड़क पर खड़ी कार को बचाने के प्रयास में लुक-बजरी से भरा टिप्पर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में टिप्पर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिमाचल नंबर की एक कार पहले से हादसे के कारण सड़क पर खड़ी थी। आरोप है कि कार चालक को वाहन साइड में लगाने के लिए कहा गया, लेकिन उसने कार नहीं हटाई। इसी दौरान पीछे से आ रहे टिप्पर चालक ने कार को बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन बेकाबू होकर पोल से टकरा गया और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। साहिल नामक युवक ने बताया कि कार में चार लोग सवार थे और उसका नंबर नोट कर लिया गया है। टिप्पर के पलटने से हाईवे पर बजरी बिखर गई, जिसके चलते करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भारी ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई राज कुमार ने बताया कि चौगिटी से पीएपी के बीच फ्लाईओवर पर टिप्पर पलटने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से टिप्पर को हटाने का काम शुरू कर दिया है और हाईवे पर यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।