जालंधर के घास मंडी चौक स्थित कुमार स्वीट शॉप में देर रात चोरों ने ताले तोड़कर नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारी ने शटर के ताले टूटे देख दुकान मालिक को सूचना दी। घटना के बाद थाना-5 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान मालिक राजेश शर्मा ने बताया कि वह कई वर्षों से घास मंडी चौक में दुकान चला रहे हैं। रोजाना की तरह वह रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब 8:30 बजे कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचा तो शटर के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो गल्ला जमीन पर गिरा हुआ था और दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। चोर गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी के साथ अन्य सामान भी चोरी कर ले गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में डर का माहौल है। वहीं, थाना-5 के जांच अधिकारी बलविंदर कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।