श्री देवी मंदिर चैरिटेबल अस्पताल के पास साइकिल चोरी का मामला सामने आने के बाद इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब वही आरोपी दोबारा उसी गली में पहुंच गया। लेकिन इस बार स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। लोगों ने उसे पकड़कर खंभे से बांध दिया। दुकानदार गौतम गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान के कर्मचारी की साइकिल कुछ मिनटों में चोरी हो गई थी। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद फुटेज मार्केट में वायरल कर दी गई। अगले ही दिन आरोपी फिर उसी इलाके में दिखाई दिया। शक होने पर कर्मचारी ने उसे आवाज दी, तो वह साइकिल लेकर भागने लगा। पीछा कर लोगों ने उसे साइकिल समेत काबू कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह “घर लेट हो रहा था”, इसलिए साइकिल लेकर चला गया। जब लोगों ने उसे पुलिस के हवाले करने की बात कही तो उसने बेखौफ अंदाज में कहा कि उसे पुलिस का डर नहीं है। आरोपी बोला, “बाहर खाना खाने के लिए पैसे देने पड़ते हैं, लेकिन जेल में फ्री खाना मिलता है।” आरोपी ने अपना नाम बब्बू बताया और खुद को रंधावा इलाके का निवासी बताया, जबकि बरामद आधार कार्ड में उसका पता काला बेई का निकला। उसने यह भी कबूल किया कि वह पहले चाकूबाजी के मामले में जेल जा चुका है। हालांकि लोगों ने उससे साइकिल बरामद कर ली, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी गई। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।