यहां के सिविल अस्पताल से पुलिस गारद को चकमा देकर फरार हुए हवालाती को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कटड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रमन निवासी मल्लांवाला के रूप में हुई है। आरोपी 21 किलो हेरोइन बरामदगी के मामले में गिरफ्तार होने के बाद केंद्रीय जेल फिरोजपुर में बंद था। सिटी थाना के एसएचओ सुखचैन मेहता ने बताया कि आरोपी रमन के पैर में रॉड पड़ी हुई थी, जिसके चलते उसकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। इसी कारण उसे उपचार के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान 12 नवंबर को आरोपी पुलिस गारद को चकमा देकर फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की थीं और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कटड़ा से काबू कर लिया। एसएचओ ने बताया कि आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।