पंजाब सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से करवाई जा रही खेड़ा वतन पंजाब दियां-2026 को लेकर विधायक अमोलक सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर डीसी राहुल चाबा और विधायक अमोलक सिंह ने बताया कि खेलों के चौथे सीजन में प्रदेशभर में करीब 10 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। प्रतियोगिताएं अंडर-14 से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु तक के 9 वर्गों में करवाई जाएंगी। इस बार 38 खेलों और 4 पैरा-स्पोर्ट्स को शामिल किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को गांवों और वार्ड स्तर तक अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस बार पहली बार डेमो खेल के तौर पर टेनिस बॉल क्रिकेट को भी शामिल किया गया है और प्रत्येक गांव से एक टीम को मौका दिया जाएगा। खिलाड़ी sports.punjab.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो की मार्केट कमेटियों में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को 10 हजार, दूसरे को 7 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 5 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी।