फिरोजपुर की प्रभजीत कौर ने बाल कवि सम्मेलन में जिले का नाम रोशन किया है।जालंधर दूरदर्शन पर चल रहे कार्यक्रम नई कलम नई उड़ान का पंजाब के 15 जिलों से चुने गए बच्चों का सीधा प्रसारण किया गया। फिरोजपुर जिले के गांव पटेल नगर के सरकारी स्कूल की कक्षा पांच की छात्रा प्रभजीत कौर ने बाल साहित्यकार के रूप में भाग लिया। फिरोजपुर देहाती विधायक रजनीश कुमार दहिया ने छात्रा प्रभजीत कौर, उनके माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिता बलजीत सिंह और माता सुखविंदर कौर की यह प्यारी बेटी फिरोजपुर जिले के सभी सरकारी स्कूलों में से चुनी गई है। कविताएँ पढ़ने और लिखने में होशियार इस बच्ची की प्रवृत्ति को देखते हुए, सरकारी प्राइमरी स्कूल पटेल नगर के पूरे स्टाफ और इंचार्ज श्रीमती सुदेश रानी ने बच्ची का उत्साहवर्धन किया और उसे इसके लिए तैयार किया। लगभग 10 वर्ष की छोटी सी उम्र में कविता और साहित्य के प्रति यह जुनून कुदरत की देन है।