फगवाड़ा पुलिस की ओर से स्थानीय छज कॉलोनी में' युद्ध नशे विरुद्ध' अभियान के तहत विशेष सर्च आपरेशन चलाया गया। इस दौरान घरों की चेकिंग की गई। नशे के विरुद्ध इस आपरेशन का नेतृत्व फगवाड़ा पुलिस की इंचार्ज एसपी माधवी शर्मा ने किया। इस दौरान डीएसपी भारत भूषण, एसएचओ सिटी ऊषा रानी, ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज देवेश्वर भी भारी पुलिस फोर्स सहित मौजूद रहे। एसपी माधवी शर्मा ने बताया कि शनिवार को नशे के हॉटस्पॉट छज कॉलोनी में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया हैं। एसपी माधवी शर्मा ने कहा कि नशा बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। राज्य सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए कहा है। इसलिए जो भी लोग नशा बेचते हैं वह खुद यह काम छोड़ जाएं अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। फगवाड़ा के सभी निवासियों की सुरक्षा और उन्हें एक आरामदायक सामाजिक माहौल देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने फगवाड़ा वासियों से अपील की कि अगर आपके आसपास कोई नशा बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दी जाए। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।