जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के मद्देनजर जिला पुलिस पूरी तरह से तैयार है। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि चुनाव आयुक्त ने पहले ही साफ कर दिया था कि इस दौरान केंद्रीय सशस्त्र बलों की मदद नहीं ली जाएगी। इसलिए पंजाब पुलिस के जवानों को शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसएसपी ने कहा कि कपूरथला जिले में पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह से बचनबद्ध हैं। ब्लाक समिति और जिला परिषद चुनावों को लेकर मतदान को निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए बड़ी तादाद में पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। विभिन्न पार्टियों के उम्मीदवारों को चुनाव आयोग की हिदायतों की पालना करने की अपील की है। अधिकारियों व एसएचओ को पेशेवर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी तूरा ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कपूरथला में पड़ती चारों सब डिवीजन के सभी पुलिस अफसरों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। फगवाड़ा सहित जिले के सभी सब-डिवीजनों में फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं जिनका उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करना है। उन्होंने सभी से बेखौफ होकर मतदान करने की अपील की।