फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फगवाड़ा के जीटी रोड पर कीचड़ ही कीचड़, कांग्रेस पार्षद ने मेयर पर लगाए आरोप

अंकेश ठाकुर Updated Tue, 27 Jan 2026 09:35 PM IST

कांग्रेस पार्षद संजीव बुग्गा ने फगवाड़ा नगर निगम और मेयर रामपाल उप्पल पर आरोप लगाए हैं कि शहर की जीटी रोड को नर्क बना देने वाली निगम की नाकामी अब किसी से छिपी नहीं है। बस स्टैंड के सामने जीटी रोड पर फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन की महीनों से की गई खुदाई नगर निगम की बदइंतजामी और लापरवाही का जीता-जागता सबूत है। 31 जनवरी को गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर कुछ दिन पहले मेयर रामपाल उप्पल ने मौके पर पहुंचकर बड़े-बड़े दावे किए थे कि शोभायात्रा से पहले सीवरेज का काम पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन आज वे सभी दावे दिन भर हुई भारी बरसात के पानी के साथ ही धुल गए हैं। गुरुपर्व के दिन 1 फरवरी को गुरु साहिब की चरण रज प्राप्त शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर चक हकीम के लिए भी बड़ी संख्या में संगत जीटी रोड की इसी सर्विस लेन से होकर गुजरेगी। सर्विस लेन की खुदाई की वजह से सड़कें कीचड़, गड्ढों और पानी से भर चुकी हैं, जिससे आम लोगों का निकलना दूभर हो गया है। यह सिर्फ एक धार्मिक शोभायात्रा का मामला नहीं, बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। कांग्रेस पार्षद ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने खुदाई के बाद न तो कोई ट्रैफिक डायवर्जन साइन बोर्ड लगाया और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की, जिसके कारण रोजाना वाहन मिट्टी और गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुज़ुर्ग और दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान हैं, लेकिन मेयर रामपाल उप्पल आंखें मूंदे तमाशबीन बने हुए हैं। उन्होंने चेतावनी भी दी है कि अगर तुरंत सीवरेज कार्य पूरा कर सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया और ट्रैफिक व्यवस्था बहाल नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से निगम सदन तक आंदोलन करेगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें