लुधियाना के डीएमसी में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई जिसने संदिग्ध अवस्था में कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था। मृतका के शव को सतनामपुरा पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवग्रह में रखवा दिया था। मृतका के मायका परिवार ने शनिवार को सतनामपुरा थाना पहुंच कर रोष प्रदर्शन करते हुए पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। सतनामपुरा थाना इंचार्ज हरदीप सिंह मान ने बताया कि बहराम थाना के अंतर्गत मुन्ना गांव की उमा बसरा की शादी गांव मानावाली निवासी रामलाल से एक महीना पहले हुई थी जिसने गत दिवस संदिग्ध अवस्था में जहरीली दवाई निगल ली। महिला की लुधियाना में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को अपने कब्जे में कर सिविल अस्पताल के शव ग्रह में रखवा दिया है और महिला के पति और उसके परिजनों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि मृतका के मायके परिवार के बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।