फगवाड़ा में ब्लाक समिति व जिला परिषद चुनावों में जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी ने उस समय चल रहे शहीदी समागमों के कारण किसी तरह का जश्न नहीं मनाया था। इसलिए अब आम आदमी पार्टी की ओर से एक शुकराना समागम का आयोजन किया गया जिसमें आम आदमी पार्टी के विधानसभा हलका फगवाड़ा के इंचार्ज हरनूर सिंह हरजी मान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा ब्लाक समिति सदस्य देसराज झमट, सिमर कुमार, राजिंदर कौर, गुरप्रीत सिंह लाडी, अजय कुमार, दविंदर सिंह, कमलेश कौर को बधाई दी । इस मौके पर उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने आप सभी पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक समिति ग्रामीण विकास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सडक़, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने नव-निर्वाचित सदस्यों से अपील की कि वे बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में ब्लॉक समिति सदस्यों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं क्षेत्र के विकास के लिए हर समय सहयोग और मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी नव-निर्वाचित ब्लॉक समिति सदस्य तथा जिला परिषद सदस्य अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।