मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत खाटू धाम, हरिद्वार व मथुरा वृंदावन के तीन रूट शुरू किए हैं। नंगल के वार्ड नंबर 11, 16 व 18 से एक-एक बस खाटू धाम, हरिद्वार व मथुरा वृंदावन के लिए रवाना हुई। इन बसों को हरी झंडी दिखाने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, श्री गुरु रविदास आयुर्वेद यूनिवर्सिटी पंजाब के चेयरमैन डॉ. संजीव गौतम व नंगल नगर काउंसिल की चेयरपर्सन किरन बाला भी पहुंची। पहली बस वार्ड नंबर 11 से खाटू धाम के लिए, दूसरी बस वार्ड नंबर 16 से हरिद्वार के लिए व तीसरी बस वार्ड नंबर 18 से मथुरा वृंदावन के लिए रवाना हुई। यात्रा लंबी होने के चलते विशेष तौर पर स्लीपर सीटों वाली बसों की व्यवस्था पंजाब सरकार द्वारा की गई है। इन तीनों बसों में लगभग 100 श्रद्धालु रवाना हुए और इस दौरान खाने व रहने की पूरी व्यवस्था सरकार से की जा रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में नंगल के हर वार्ड व ग्रामीण क्षेत्रों से भी न केवल इन तीनों रूटों पर बल्कि अमृतसर वाले रूट पर बसों के जाने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।