फरीदकोट के सादिक रोड स्थित जहाज ग्राउंड से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान मोहल्ला तालाब निवासी दक्ष (19) पुत्र दविंदर पाल के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना सिटी-2 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद इन दिनों वह बाजार में राखी की स्टॉल लगाता था। एक दिन पहले शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह अपनी स्टॉल से अचानक गायब हो गया। बाद में उसका शव जहाज ग्राउंड से बरामद हुआ। मृतक के पिता दविंदर पाल ने बताया कि परिवार की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे के कपड़े फटे हुए थे और उसके होंठ भी नीले पड़े हुए थे। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर इंसाफ की मांग की है। इस मामले में थाना सिटी-2 के एसएचओ अकलप्रीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक नशे का सेवन करता था। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।