मंडी गोबिंदगढ़ के लोहार बाजार क्षेत्र में एक घंटे के भीतर लूटपाट की दो अलग-अलग घटनाओं से दहशत का माहौल है। दोनों घटनाएं महज 50 मीटर की दूरी पर हुईं, जिससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पहली घटना में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां झपट लीं और मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने शोर मचाया, लेकिन भीड़ जुटने से पहले ही आरोपी भाग निकले। दूसरी घटना इससे करीब एक घंटे पहले आईआईएफएल गोल्ड लोन कार्यालय के बाहर घटी, जहां ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। बाइक चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। दोनों वारदातों को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए। पीड़ितों द्वारा गोविंदगढ़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लूटपाट की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।