भारत विकास परिषद कोटकपूरा की ओर से अडॉप्ट किए गए सरकारी प्राइमरी स्कूल वार्ड नंबर 10 में चलाए जा रहे सिलाई सेंटर में मुफ्त आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. प्रिंसी अरोड़ा के नेतृत्व में सिलाई सेंटर की छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार उन्हें मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं। संस्था की मुख्य शाखा के प्रधान कपिल गोयल की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में संस्था के प्रांतीय सलाहकार नरेश पाल कांसल व सुभाष गोयल के अलावा दोनों शाखाओं के सरपरस्त टीआर अरोड़ा, डॉ. गगन अरोड़ा और उमेश तिवारी विशेष रूप से शामिल हुए। प्रधान कपिल गोयल ने बताया कि कुछ दिन पहले संस्था की ओर से सिलाई सेंटर की सभी छात्राओं के लैब टेस्ट करवाए गए थे। अब इनकी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद डॉक्टर द्वारा रिपोर्ट के आधार पर छात्राओं का स्वास्थ्य चेकअप किया गया और जरूरत के मुताबिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इस अवसर पर सिलाई सेंटर की इंचार्ज अध्यापिका ममता शर्मा ने भारत विकास परिषद के सभी पदाधिकारियों और चिकित्सा टीम का शिविर आयोजित करने के लिए आभार जताया।