गांव ढाडे कटवाल और गांव गेरा की हदबंदी के साथ लगते गांव ऊलाहा की रिहाइशी आबादी के नजदीक पत्ती नाम नगर व बेला सरियाणा की ओर जाने वाले पुरानी शाह नहर दरिया के मार्ग पर कथित तौर पर अवैध माइनिंग का कारोबार लगातार जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इस स्थान पर बिना अनुमति खनन का सिलसिला चल रहा है, जिससे क्षेत्र में रोष का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि रिहाइशी आबादी के पास कथित अवैध खनन होने के कारण लोगों को भविष्य में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन गतिविधियों से जमीन और नहर के आसपास के क्षेत्र को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। खनन रोको, जमीन बचाओ संघर्ष कमेटी के सदस्य धर्मेंद्र सिंह सिबली व सुभाष सिंह ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी हैं। उनके अनुसार एसडीओ शाह नहर, थाना हाजीपुर, थाना तलवाड़ा तथा माइनिंग विभाग दसूहा और होशियारपुर के अधिकारियों के अलावा उच्च अधिकारियों को भी शिकायत पत्र भेजकर कथित अवैध माइनिंग को रोकने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा चुकी है। धर्मेंद्र सिंह का आरोप है कि शिकायतें देने के बावजूद किसी भी संबंधित विभाग ने उनकी शिकायतों का जवाब देना उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि अब तक कथित तौर पर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ भी कोई सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके चलते खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों और संघर्ष कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि पुरानी शाह नहर दरिया के उक्त मार्ग पर चल रही कथित अवैध माइनिंग की तुरंत जांच करवाई जाए। साथ ही मौके पर खनन गतिविधियों को बंद करवाकर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे संघर्ष को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।