कंडी क्षेत्र के ब्लाक तलवाड़ा में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से वन्यजीव विभाग द्वारा व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। डीएफओ वाइल्डलाइफ होशियारपुर कुलराज सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार वन रेंज अधिकारी (वाइल्डलाइफ) दसूहा हरजिंदर सिंह के नेतृत्व में तलवाड़ा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में एनजीओ नेशनल यूथ डिपार्टमेंट सेंटर, तलवाड़ा का भी विशेष सहयोग रहा। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के करीब 20 पौधे लगाए गए तथा लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित कर उन्हें अपने घरों, खेतों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण मिल सके।