‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत नगर परिषद नंगल द्वारा शुरू किए गए विशेष सफाई अभियान की कड़ी के चौथे दिन वार्ड नंबर 12 में सफाई अभियान चलाया गया। शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस परिषद की पूरी टीम को साथ लेकर खुद सफाई कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं। इस दौरान वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई करवाने के साथ-साथ वार्डवासियों से बातचीत करके उनकी समस्याएं भी सुनी जा रही हैं। सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लोगों से सुझाव भी लिए जा रहे हैं। इस अवसर पर बैंस ने कहा कि नगर परिषद नंगल के वार्डों में सफाई को लेकर बहुत जल्द एक सफाई प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में अपने वार्ड को सबसे अधिक साफ-सुथरा रखने वाले पार्षद और वार्डवासियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखना केवल सरकार या नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। जनता की भागीदारी से नंगल को और अधिक सुंदर और साफ-सुथरा बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।