जिले के बॉर्डर क्षेत्र में अवैध खनन रूकने का नाम नहीं ले रहा। बॉर्डर क्षेत्र के गांव सहारनपुर में माइनिंग विभाग और पुलिस ने जिसका खेत, उसकी रेत की आड़ में अवैध खनन पर कार्रवाई की है। जहां पुलिस ने 7 मशीनरी पकड़ी है वहीं, रूप सिंह, शिंदा निवासी डमटाल, अशोक और सुशील गोदारा व 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ अवैध खनन के तहत केस भी दर्ज किया है। डीएसपी सुखजिंदर थापर ने बताया कि तारागढ़ पुलिस पार्टी गश्त के दौरान सहारनपुर गांव जा रही थी तभी उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग जिसका खेत, उसकी रेत की आड़ में अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। जिसके बाद माइनिंग विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उपरांत देखा कि कुछ लोग पोकलेन मशीनों और जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल करके रावी नदी से रेत निकालकर ट्रकों और टिपरों पर लोड कर रहे थे। पुलिस को देखकर रावी नदी से गैर-कानूनी माइनिंग कर रहे लोग अपनी पोकलेन मशीनें, जेसीबी मशीनें और ट्रक टिप्पर छोड़कर मौके से भाग गए। पुलिस ने अवैध खनन करने वाले वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपियों खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।