सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में 29 अगस्त को ‘श्रीरामलीला गाथा मर्यादा’ का मंचन किया जाएगा। परंपरा आर्ट्स की ओर से आयोजित इस नाटक में करीब 30 कलाकार हिस्सा लेंगे। पिछले दो महीने से टैगोर थिएटर में इसकी रिहर्सल चल रही है। करीब ढाई घंटे तक बिना रुके चलने वाले इस नाटक के लिए शानदार सेट तैयार किया जा रहा है। इस मंचन में सबसे ज्यादा चर्चा भगवान शिव के धनुष और राम की भूमिका निभाने वाले कलाकार वरुण शर्मा की है। इसकी खास वजह धनुष का वजन है। भगवान शिव का धनुष करीब नौ किलोग्राम वजनी है। मंच पर राम का किरदार निभाने वाले वरुण शर्मा इसे एक हाथ से उठाएंगे, कुछ देर तक हाथ में रखेंगे, फिर उस पर प्रत्यंचा चढ़ाकर धनुष तोड़ने का दृश्य निभाएंगे। इस चुनौती के लिए वरुण शर्मा जिम में अभ्यास कर रहे हैं। उनका फोकस खास तौर पर एक हाथ से भारी धनुष उठाने और उसे संभालने पर है, ताकि मंच पर प्रस्तुति के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए।