राघव चड्ढा को राज्यसभा के उप नेता पद से हटाकर आम आदमी पार्टी ने अन्य नेताओं को कड़ा संदेश दे दिया है कि पार्टी लाइन के दायरे में रहकर विभिन्न मंचों पर पार्टी के मुद्दों को ही प्रमुखता से उठाया जाए। चड्ढा पिछले कुछ समय से ऐसा नहीं कर रहे थे, नतीजतन उन्हें पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई का शिकार होना पड़ा। आप ने इस प्रकरण के जरिये अपने नेताओं को यह भी चेता दिया है कि पार्टी की नीतियों और नियमों से बढ़कर कोई नहीं हो सकता। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता इस कार्रवाई को संगठनात्मक प्रक्रिया का एक हिस्सा बता रहे हैं, मगर पंजाब के आप नेताओं में हाईकमान की इस सख्ती से काफी हलचल का माहौल है। राघव पंजाब से ही आप के सात राज्यसभा सदस्यों में से एक हैं। हालांकि इस कार्रवाई के बाद एक वीडियो जारी कर राघव ने पार्टी के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है, जिसके बाद से राघव के पार्टी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। उधर, पंजाब भाजपा ने भी राघव को समर्थकों समेत पार्टी ज्वाइन करने का ऑफर दे दिया है।