मोगा जिले के गांव चड़िक में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प का मामला सामने आया है। इस दौरान तेजधार हथियारों और लोहे की रॉडों से लैस हमलावरों ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।।जानकारी के अनुसार, गांव चड़िक में किसी मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के कुछ युवक तेजधार हथियारों और रॉडों के साथ पहुंचे और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में गली में खड़े सतनाम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हथियारों से लैस युवक वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो रहे हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। मीडिया से बातचीत करते हुए घायल सतनाम सिंह ने बताया कि गांव के ही कुछ व्यक्तियों ने उन पर तेजधार हथियारों और रॉडों से हमला किया। उन्होंने कहा कि उनकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल पहुंचे एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि गांव चड़िक में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में सतनाम सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।