बठिंडा के गांव बहमन दीवाना में एक दिन पहले बुधवार को लाल रंग के सूटकेस में युवती की लाश मिली थी। यह सूटकेस गांव के पास खाली जगह पर फेंका गया था। सूटकेस के पास आवारा कुत्ते घूम रहे थे और सूटकेस खींच रहे थे। सूटकेस में मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान मोगा जिले के बाघापुराना की रहने वाली मलिका के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने युवती की हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवती की पहचान के कुछ घंटे बाद ही पुलिस हत्यारों तक पहुंच गई। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्र बताते है कि युवती की हत्या में उसके करीबी का हाथ था, जो पुलिस पूछताछ में खुलासा करेगा कि उसने युवती की हत्या क्यों और किस कारण की थी।हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस के बड़े अधिकारी शुक्रवार को मीडिया के सामने खुलासा कर सकते हैं।