प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर को बम से उड़ाने की कथित धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सघन जांच की जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। जानकारी के अनुसार एक कथित धमकी भरे पत्र में अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर समेत पंजाब और अन्य राज्यों के कुछ प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। पत्र में 6 जून 1984 से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कुछ धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मंदिर के आसपास सुरक्षा घेरा भी बढ़ा दिया गया है।