शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने देर रात सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस थाना कैंट का औचक निरीक्षण किया और थाने के कामकाज, पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा ड्यूटी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर कार्यालय का भी दौरा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर ने नोवेल्टी चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख नाकों की जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी, वाहनों की चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नाकों पर तैनात जवान पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें।