अमृतसर के गांव मानावाला स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में 36 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुनील शर्मा के रूप में हुई है, जो अजनाला का रहने वाला था। घटना के बाद परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इंसाफ की मांग की है। परिवार के मुताबिक, सुनील शर्मा डिप्रेशन से जूझ रहा था और उसे इलाज के लिए केंद्र में भर्ती कराया गया था। उनका कहना है कि वह नशा नहीं करता था। परिजनों ने बताया कि रात के समय केंद्र से फोन कर उन्हें मौत की सूचना दी गई। जब उन्होंने CCTV फुटेज मांगी तो उन्हें बताया गया कि कैमरे बंद थे, जिससे शक और गहरा गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि एक कमरे में 15-20 लोगों को रखा जाता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मृतक के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने केंद्र के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। केंद्र में मौजूद अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने सरकार और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों को सजा दी जाए।