अमृतसर के थाना सी डिवीजन इलाके के पास उस समय हड़कंप मच गया जब एक खड़े ट्रक के अंदर से ड्राइवर का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान तरनतारन जिले के रहने वाले ड्राइवर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ट्रक गेहूं लोड कर कपूरथला जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही अमृतसर में लावारिस हालत में खड़ा मिला। ट्रक मालिक रमण कुमार राजू ने बताया कि सुबह जीपीएस चेक करने पर गाड़ी अमृतसर में खड़ी दिखाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो ड्राइवर ट्रक के अंदर मृत अवस्था में मिला। उन्होंने बताया कि मृतक के छोटे-छोटे बच्चे हैं और परिवार के लिए इंसाफ की मांग की। साथ ही दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की। वहीं एसपी विशालजीत सिंह ने बताया कि गुलाली गेट के पास खड़े ट्रक की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के अंदर से एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान ड्राइवर के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।