पांचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर सच्चखंड हरिमंदिर साहिब में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही देश-विदेश से आई संगतों का भारी जमावड़ा लगा रहा और श्रद्धालुओं ने गुरु घर में मत्था टेककर गुरबाणी कीर्तन का आनंद लिया। पूरा दिन दरबार साहिब परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। शाम के समय परिक्रमा में भव्य दीपमाला सजाई गई, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। रहरास साहिब के पाठ के बाद आकाश में हुई अलौकिक आतिशबाजी ने संगतों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु अर्जन देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए नम्रता, सेवा और शांति का संदेश अपनाने का संकल्प लिया। संगतों का कहना था कि गुरु साहिब ने मानवता को सत्य, सब्र और सेवा का मार्ग दिखाया, जिस पर आज भी सिख समाज पूरी श्रद्धा के साथ चल रहा है। श्रद्धालुओं ने समस्त सिख संगत को गुरुपर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पवित्र दिन दरबार साहिब में दर्शन करने से आत्मिक शांति और सुख की अनुभूति होती है। इस दौरान बाबा जुझार सिंह जी का जन्म दिवस भी मनाया गया, जिससे खुशी का माहौल और बढ़ गया।