धमकी भरी ई-मेल मिलने के बाद अमृतसर के मेरिटोरियस स्कूल में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट की टीमों ने स्कूल परिसर की गहन जांच की और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। तलाशी के दौरान एंटी-साबोटाज टीमों, सुरक्षा बलों और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। संतोषजनक जांच के बाद पुलिस टीम वापस लौट गई। धमकी भरी ई-मेल में गुरु नगरी के कई स्कूलों को बम से उड़ाने के साथ-साथ शताब्दी एक्सप्रेस को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके अलावा ई-मेल में हरदीप सिंह निज्जर को इंसाफ दिलाने का जिक्र भी किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया टीम, टेक्निकल सर्विस टीम और स्टेट साइबर सेल को जांच में शामिल किया है, ताकि ई-मेल के स्रोत और ओरिजिन का पता लगाया जा सके।