पंजाब अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ने मंगलवार को पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में श्री हरिमंदिर साहिब के निकट सारागढ़ी सराय के सामने स्थित पार्किंग का शांतिपूर्ण ढंग से कब्जा अपने हाथ में ले लिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी और पुडा के अधिकारी तैनात रहे। पुडा के एससी संदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 से तरसेम कुमार को आवंटित इस पार्किंग का सरकारी तौर पर कब्जा लेकर अब इसका संचालन अमृतसर नगर निगम को सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्किंग में मौजूद सभी वाहनों और अन्य सामान की सूची (इन्वेंट्री) तैयार की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्किंग को दोबारा श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्किंग को स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अकाली फूला सिंह पार्किंग सहित अन्य वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। साथ ही पार्किंग में कार्यरत कर्मचारियों और वहां संचालित स्टॉलों पर भी इस कार्रवाई का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। केवल पार्किंग के प्रवेश और निकास का संचालन अब नगर निगम के नियंत्रण में रहेगा। अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाना और श्री हरिमंदिर साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।