श्री हरमंदिर साहिब में आने वाली संगत की सुविधा और गुरबाणी कीर्तन के बेहतर प्रसार के लिए नया आधुनिक साउंड सिस्टम स्थापित किया गया है। इस सेवा का उद्घाटन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने अरदास के बाद किया। यह साउंड सिस्टम इंग्लैंड की संगत द्वारा श्रद्धा स्वरूप भेंट किया गया है। नई तकनीक से तैयार यह सिस्टम दरबार साहिब की संरचना और वातावरण को ध्यान में रखकर लगाया गया है, जिससे परिक्रमा और आसपास बैठे श्रद्धालु बिना किसी रुकावट या गूंज (इको) के गुरबाणी को स्पष्ट रूप से सुन सकेंगे। एडवोकेट धामी ने इस अवसर पर इंग्लैंड की संगत का धन्यवाद करते हुए कहा कि देश-विदेश की संगत हमेशा गुरु घर की सेवा के लिए आगे रहती है। उन्होंने कहा कि इस नए सिस्टम से आवाज की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा और कीर्तन सुनने का अनुभव और अधिक आनंदमय बनेगा। इस मौके पर शिरोमणि कमेटी के अन्य अधिकारी, दरबार साहिब के प्रबंधक और बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही। नए साउंड सिस्टम के शुरू होने से अब दूर-दूर तक गुरबाणी की आवाज साफ और मधुर रूप में सुनाई दे रही है।