आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि बाबा बुड्ढा साहिब की नगरी अजनाला के रेलवे स्टेशन पर लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से नया रेलवे प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के समक्ष करीब ढाई वर्ष तक लगातार पैरवी करने के बाद यह परियोजना मंजूर हुई है। धालीवाल ने बताया कि अजनाला के लोगों की करीब 70 वर्ष पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। उनका कहना है कि यह रेलवे स्टेशन और रेलवे लाइन क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी तथा यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नए प्लेटफॉर्म के निर्माण से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और भविष्य में रेलवे सेवाओं के विस्तार का भी मार्ग प्रशस्त होगा। धालीवाल ने इस परियोजना को अजनाला क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी।