अमृतसर में मजीठ मंडी कमेटी के प्रधान अनिल मेहरा ने पुरानी कमेटी की ओर से उठाए गए विभिन्न सवालों और आरोपों पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मंडी के हितों को सर्वोपरि रखते हुए वर्तमान कमेटी पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है और किसी भी प्रकार के भ्रम को तथ्यों के आधार पर दूर किया जाएगा। अनिल मेहरा ने कहा कि पुरानी कमेटी की ओर से लगाए गए कई आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान कमेटी ने कार्यभार संभालने के बाद मंडी के विकास, व्यापारियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी निर्णय नियमानुसार लिए जा रहे हैं और कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव है तो उसका स्वागत किया जाएगा, लेकिन बिना तथ्यों के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मंडी के विकास के मुद्दे पर सभी पक्षों को राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल मेहरा ने पुरानी कमेटी द्वारा उठाए गए मुद्दों पर क्रमवार अपना पक्ष रखा और कहा कि जरूरत पड़ने पर संबंधित दस्तावेज भी सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंडी के व्यापारियों और आढ़तियों के हितों की रक्षा के लिए कमेटी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। इस दौरान कमेटी के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।