अमृतसर के चाटीविंड पुल से तारों वाले पुल की ओर जाने वाली सड़क पर नहर किनारे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार पहले एक मोटरसाइकिल से टकराई, जिसके बाद चालक संतुलन खो बैठा और वाहन बुरी तरह पलट गया। कार में चार युवक सवार थे। हादसे में सभी को मामूली चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। हालांकि कार सवार युवकों का कहना है कि वाहन की रफ्तार लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चालक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा। गनीमत रही कि कार नहर में नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।