भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में 21 जुलाई को दिल्ली में आयोजित महापंचायत में शामिल होने के लिए पंजाब से बड़ी संख्या में किसान रविवार को रवाना हुए। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के नेता जर्मनजीत सिंह बंडाला ने ब्यास में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर करीब 550 किसान संगठनों के प्रतिनिधि महापंचायत में शामिल होंगे। बंडाला ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम लोगों के हित में नहीं है। उनका कहना था कि इस समझौते से अमेरिकी कंपनियों और वहां के किसानों को लाभ मिलेगा, जबकि भारतीय छोटे किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका में बड़े पैमाने पर खेती होती है और किसानों को भारी सरकारी सब्सिडी मिलती है, जबकि भारत में अधिकांश किसानों के पास दो से ढाई एकड़ जमीन है और उन्हें सीमित सहायता मिलती है। ऐसे में सस्ता विदेशी कृषि उत्पाद आने से भारतीय किसान प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे।