वैसाखी और खालसा साजना दिवस के अवसर पर गोल्डन टेंपल में भारी धार्मिक उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें गुरु घर में मत्था टेकने के लिए लगी रहीं। इसी दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की बहन मनप्रीत कौर भी गोल्डन टेंपल पहुंचीं। सुरक्षा कारणों के चलते उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। श्रद्धालुओं ने इस पावन दिन को सिख इतिहास का महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए बताया कि 1699 में श्री आनंदपुर साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना कर सिख समुदाय को नई पहचान और शक्ति प्रदान की थी। इस मौके पर पंच प्यारों की स्थापना को भी याद किया गया। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को बैसाखी और खालसा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा शाम को दीपमाला और आतिशबाजी के आयोजन की तैयारियां भी की गईं।