अमृतसर स्थित दुर्गियाना मंदिर में हनुमान जयंती का पर्व गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन कर माथा टेका और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर पंजाब के विभिन्न जिलों के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था और भजन-कीर्तन के जरिए भक्तों में आस्था का उत्साह और बढ़ गया। “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने बताया कि हनुमान जयंती के इस पावन अवसर पर वे हर साल मंदिर में माथा टेकने आते हैं। उनका विश्वास है कि संकट मोचन हनुमान जी सभी के दुख दूर करते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। कई श्रद्धालुओं ने देश-दुनिया में अमन-शांति और खुशहाली की भी कामना की। मंदिर में लंबी कतारों के बावजूद भक्तों का उत्साह बना रहा और वे घंटों इंतजार कर दर्शन करते नजर आए। कुल मिलाकर, हनुमान जयंती पर दुर्गियाना मंदिर में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।