मजीठा नगर काउंसिल चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 6 के बाहर बने काउंटर बूथ पर आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं के बीच उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब दोनों पक्षों में तीखी बहस के बाद झड़प हो गई। धक्का-मुक्की और हंगामे के दौरान एक युवक घायल हो गया, जिसके सिर पर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में लिया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत करवाते हुए माहौल को और बिगड़ने से रोका। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहाती सोहेल मीर भी खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों और संबंधित लोगों को थाने बुलाया है ताकि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। नगर काउंसिल चुनाव के दौरान हुई इस घटना के बाद इलाके का चुनावी माहौल और गर्मा गया है। हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।