कनाडा के टोरंटो में अमृतसर की 26 वर्षीय नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का आरोप है कि एकतरफा प्रेम में पड़कर पंजाब का रहने वाला शरणजीत लंबे समय से नवनीत को परेशान कर रहा था। इस संबंध में पहले ही कनाडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं होने के कारण यह दर्दनाक घटना हुई। नवनीत के पिता हरभजन सिंह और चाचा बलबीर सिंह ने बताया कि नवनीत करीब पांच वर्ष पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे वर्क परमिट मिला और बाद में पीआर मिलने पर वह एक बैंक में नौकरी करने लगी। करीब एक माह पहले वह चार साल बाद अपने परिवार से मिलने अमृतसर आई थी। 27 जून को उसने अमृत छका और 29 जून को वापस कनाडा लौट गई। परिवार के अनुसार, कोटकपूरा निवासी शरणजीत पिछले कई महीनों से उसका पीछा कर रहा था, लगातार फोन करता था और बैंक तक पहुंच जाता था। शिकायत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था और मामला अदालत में विचाराधीन था। इसके बावजूद वह नवनीत तक दोबारा पहुंच गया।