शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से खालसा साजना दिवस यानी वैसाखी के पावन अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरुधामों के दर्शन के लिए जाने वाले जत्थे की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसजीपीसी के सचिव बलविंदर सिंह कहलवां ने बताया कि इस वर्ष कुल 1795 पासपोर्ट पाकिस्तान हाई कमीशन, नई दिल्ली को भेजे गए थे, जिनमें से 1763 श्रद्धालुओं को वीज़ा जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि वीज़ा लगे पासपोर्ट एसजीपीसी कार्यालय पहुंच चुके हैं और श्रद्धालु दफ्तर समय के दौरान इन्हें प्राप्त कर सकते हैं। यह जत्था 10 अप्रैल को सुबह 8 बजे अमृतसर स्थित एसजीपीसी कार्यालय से पूरे सम्मान और धार्मिक उत्साह के साथ पाकिस्तान के लिए रवाना होगा। श्रद्धालुओं को अटारी बाॅर्डर के रास्ते विशेष बसों के माध्यम से भेजा जाएगा। एसजीपीसी ने संगत से अपील की है कि इस यात्रा को केवल धार्मिक आस्था के रूप में देखा जाए, न कि पिकनिक के तौर पर। यात्रा के दौरान पंथक मर्यादा, अनुशासन और संयम बनाए रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही पाकिस्तान में किसी भी ऐसी गतिविधि या बयानबाजी से बचने को कहा गया है, जिससे सिख समुदाय की छवि को ठेस पहुंचे या भविष्य में वीज़ा प्रक्रिया प्रभावित हो। गौरतलब है कि 32 वीज़ा रद्द किए गए हैं। इस पर एसजीपीसी ने सुझाव दिया कि यदि दस्तावेज़ों में कोई कमी हो तो दूतावास को समय रहते सूचित करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु गुरुधामों के दर्शन कर सकें।