यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बम की सूचना मिली। लखनऊ के हुसैनगंज मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी देर रात पुलिस कंट्रोल रूम पर मिली। मौके पर पुलिस व बम निरोधक दस्ते की टीम ने पहुंचकर जांच की तो सूचना फर्जी निकली। इसके अलावा आलमबाग बस स्टैंड को भी देर रात में बम से उड़ाने की सूचना मिली। पुलिस ने जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एडीसीपी सेंट्रल मनीषा सिंह ने बताया कि एक कॉलर ने 112 नंबर पर सूचना दी थी कि हुसैनगंज मेट्रो स्टेशन, चारबाग स्टेशन और आलमबाग में बम रखा गया है। सूचना पर डॉग स्क्वॉड औरबम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड ने चेकिंग की तो कुछ नहीं निकला। सभी स्थानों पर जांच पूरी कर ली गई है।