दिल्ली में शनिवार को प्रदूषण की स्थिति और खराब हो गई और वायु गुणवत्ता एक बार फिर से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। लेकिन, इसमें सुबह सुधार दिखा था। राष्ट्रीय राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे 316 दर्ज किया गया, जो सुबह के 290 से अधिक है। आनंद विहार में वायु प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी (एक्यूआई 400 से ऊपर) तक पहुंच गया, जबकि शहर के 27 अन्य निगरानी स्टेशनों में एक्यूआई ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया, जिसका स्तर 300 से ऊपर था।