बरेली में हुए बवाल के बाद पुलिस का एक्शन जारी है। बवाल के बाद प्रशासन ने बरेली में अवैध कब्जों पर बुलडोजर की कार्रवाई की और बड़े पैमाने पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब IMC प्रवक्ता डॉ. नफीस के बेटे फरमान उर्फ फम्मू की भी बवाल में संलिप्तता के आधार पर गिरफ्तारी की जाएगी। जांच में सामने आया है कि फम्मू ने आग में घी डालकर माहौल भड़काने का काम किया। कोतवाली के मुकदमे में नाम बढ़ाकर उसे आरोपी बनाया गया है, अब उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
यूं तो डॉ. नफीस ही IMC का प्रवक्ता व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है, लेकिन उम्रदराज होने के कारण संगठन में प्रवक्ता जैसा काम नफीस का बेटा फरमान उर्फ फम्मू देखने लगा है। कोतवाली पुलिस की जांच के मुताबिक फरमान ने बवाल के दौरान पर्दे के पीछे से माहौल भड़काने का खेल खेला था।
IMC का फेसबुक पेज और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफॉर्म फरमान ही अपडेट करता है। सामान्य प्रेसनोट व मौलाना की तकरीर वही लिखता है। विवेचना में पता लगा कि शुक्रवार को सुबह से वह मौलाना के भड़काऊ बयान वाले पुराने वीडियो संगठन के सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर रहा था।
फरमान ने एक वीडियो शुक्रवार दोपहर में ऐसा भी डाला, जिसमें इस्लामिया मैदान में काफी भीड़ दिख रही थी। यह लाइव वीडियो की तरह चलाया जा रहा था जिससे शहर में आने वाली भीड़ भ्रमित होकर यहां आ जाए। इससे लोग भ्रमित हुए भी और पुलिस पर हमलावर हो गए। फरमान ने ही कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को बरेली बंद की अपील का आह्वान करते हुए फेसबुक पर पोस्ट डाली थी।
पुलिस की जांच में पता लगा है कि गुरुवार की रात जब नफीस व नदीम ने मौलाना से फोन पर बातचीत के बाद जनता के शहर न आने संबंधी पत्र जारी किया तो उसे पुलिस प्रशासन के अफसरों को देने के साथ ही IMC के व्हाट्सएप ग्रुप में डाल दिया। तब अधिकारियों ने अनुरोध किया कि इसे IMC के फेसबुक पेज पर भी डाल दें। तब नफीस ने यह पत्र अपने बेटे को भेजकर संगठन के फेसबुक पेज पर अपलोड करने को कहा। फरमान ने इस पत्र को अपलेड करके पोस्ट किया और उस पेज का स्क्रीनशॉट अधिकारियों को दे दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने इसी दौरान पांच मिनट बाद ही संगठन का फेसबुक पेज देखा तो वह पोस्ट फरमान डिलीट कर चुका था।